बैडमिंटन : मकाउ ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचीं सिंधु

मकाउ, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन भारत की पीवी सिंधु यहां जारी 120,000 डॉलर मकाउ ओपन ग्रांड प्रिक्स गोल्ड टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।

यहां के टैप सीएक मल्टीपरपस पवेलियन में शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में सिंधु ने चीन की चेन युफेई को 21-13, 18-21, 21-14 से हराया। यह मैच 54 मिनट चला।

पुरुष वर्ग मे एचएस प्रनॉय और बी. साई प्रणीत को हालांकि हार मिली।

प्रनॉय को इंडोनेशिया के इहसान मौलान मुस्तफा ने 59 मिनट में 18-21, 21-19, 21-11 से हराया।

इसी तरह मलेशिया के गोह सून हुआत ने साई को 21-16, 21-23, 21-13 से पराजित किया। यह मैच एक घंटे 10 मिनट चला।

अगले दौर में सिंधु का सामना जापान की अकाने यामागुची से होगा। सिंधु ने बीते दो साल यह खिताब जीता है और इस साल वह खिताबी हैट्रिक करना चाहती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493