उप्र : अखिलेश ने 500 एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी

लखनऊ, 28 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास से समाजवादी एम्बुलेंस सेवा के तहत 500 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मौके पर कहा कि वह जानते हैं कि जो लोग एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठा रहे हैं, यह जरूरी नहीं कि वह आगे भी हमारा समर्थन करें। लेकिन हम सभी के लिए काम कर रहे हैं। हमारी सरकार ने यह भरोसा बनाया है कि बुलाने पर एम्बुलेंस सेवा समय पर मिलेगी।

अखिलेश ने बताया कि इस बात के प्रयास किए जा रहे हैं कि जिस तरह एम्बुलेंस बुलाने पर 15 मिनट में पहुंच रही है, अब पुलिस भी 10 मिनट में पहुंच जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी अब जेनरिक दवाएं उपलब्ध होंगी, ताकि गरीबों को सस्ता और बेहतर इलाज मिल सके। उनकी सरकार हर क्षेत्र में बिना भेदभाव के काम कर रही है। मेडिकल एम्बुलेंस के चलने से तमाम लोगों को रोजगार मिल रहा है।

अखिलेश ने कहा, “अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एक तरफ जहां सरकार मेट्रो की सुविधा देने के लिए काम कर रही है तो दूसरी तरफ किसानों की पैदावार को बेचने के लिए नई मंडियां स्थापित की जा रही हैं। सरकार ने यह संतुलन बनाया है।”

उन्होंने कहा कि अब उप्र में पुलिस भर्ती के लिए कोई परीक्षा नहीं होगी। केवल 10वीं और 12वीं के नम्बर और फिजिकल टेस्ट के आधार पर भर्ती की जाएगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का नाम न लेते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया की बात तो अब शुरू हो रही है, हम तो पहले से ही छात्रों को लैपटॉप दे रहे हैं। इसी तरह साइकिल ट्रैक व 45 लाख लोगों को समाजवादी पेंशन ऐसे बहुत से काम हैं, जो बिना भेदभाव के सभी वर्गो को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति को प्रख्यात उद्योगपति रतन टाटा ने भी महसूस किया है। आंकड़ों को देखें तो अन्य प्रदेशों की तुलना में उप्र काफी आगे जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493