बड़े भाई की हत्या कराने वाला छोटा भाई गिरफ्तार

गुड़गांव, 29 नवंबर (आईएएनएस)। पुलिस ने उस 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया, जिसने 50 लाख रुपये की सुपारी देकर अपने बड़े भाई की हत्या कराई थी। पुलिस ने तीन पेशेवर हत्यारों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि दिल्ली-जयपुर-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिधरावली गांव के निवासी 32 वर्षीय सुजान सिंह की 12-13 फरवरी की रात गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।

मामला बिलासपुर पुलिस थाने में दर्ज किया गया था और मामले की जांच गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई थी।

अपराध शाखा के अधिकारी अनिल कुमार ने आईएएनएस को बताया, “अजीत ने अपने भाई को मारने के लिए सिधरावली गांव के विनोद कुमार उर्फ मुरली को 50 लाख रुपये की सुपारी दी थी।”

मुरली ने इसके बाद बोहरा खुर्द गांव के विनोद सिंह उर्फ कालू और पिंटू को हत्या के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का वादा किया।

पुलिस ने बताया कि मृतक और उसकी दादी ने राजस्थान में अपनी दो करोड़ रुपए की कृषि भूमि बेच दी थी।

पैसे दादी के खाते में जमा कराए गए थे और उन्होंने बड़े पोते सुजान को इस धनराशि की पॉवर ऑफ अटार्नी दे रखी थी। इसके बाद इस संयुक्त परिवार ने दो एकड़ का एक और भूखंड बेचने की योजना बनाई थी।

अजीत संयुक्त परिवार में रहता था और वह दादी के खाते पर अपना नियंत्रण चाहता था, जिसके चलते उसने यह पूरी साजिश रची।

वारदात के दिन अजीत गांव में एक शादी समारोह में परिवार को छोड़कर वहां से निकला, और हत्यारों को सूचित करने गया।

कालू और पिंटू एक बाइक पर मौके पर पहुंचे और सुजान सिंह की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह शादी समारोह से घर जा रहा था। अजित ने पहले ही हत्यारों को लगभग 1.5 लाख रुपये दे दिए थे।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को सोमवार को यहां की एक अदालत में पेश किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493