नपेडा, 30 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने म्यांमार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा देश के 102 नगरों में शुरू किए गए पोलियो टीकाकरण अभियान की सराहना की है।
डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ द्वारा सोमवार को जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि इस अभियान के तहत पांच साल तक की उम्र के 14 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत दिसंबर के पहले सप्ताह में की जाएगी।
राखिन, चिन, मैगवे, बागो और अयेयारवाडी जैसे 15 अति जोखिम क्षेत्रों सहित पूरे देश में टीकाकरण अभियान कई दौर में चलाए जाएंगे।
देश के 15 अति जोखिम वाले क्षेत्रों में तीन दौर का टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पहले दौर का टीकाकरण पांच से सात दिसंबर के बीच, दूसरे दौर का 26-28 दिसंबर के बीच और तीसरे दौर का टीकाकरण 16-18 जनवरी को होगा।
देश के अन्य 87 नगरों में जनवरी-फरवरी 2016 में दो अतिरिक्त टीकाकरण अभियान के दौर चलाए जाएंगे।
देश में इस अभियान के तहत पांच साल तक के 14 लाख बच्चों के टीकाकरण के लिए 38 लाख पोलियो रोधी दवा की खुराक की आवश्यकता होगी।
dharmpath.com dharmpath