कोलकाता, 1 दिसंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में जब्तशुदा जाली भारतीय मुद्रा के मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को एक बांग्लादेशी नागरिक से पूछताछ की। इसे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने दो दिन पहले जाली मुद्रा की तस्करी के मामले में पकड़ा था।
मजरुल रहमान नाम के इस आरोपी का ताल्लुक बांग्लादेश के चपई नवाबगंज जिले से है। बीएसएफ जवानों ने उसे मालदा जिले के सीमावर्ती सोवापुर इलाके से उस वक्त पकड़ा था जब वह 18 लाख की जाली भारतीय मुद्रा की तस्करी की कोशिश कर रहा था।
एनआईए के एक अधिकारी ने बताया, “स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हम रहमान से इस बारे में पूछताछ कर रहे हैं कि क्या उसका सबंध जाली रुपयों की तस्करी में शामिल किसी गिरोह से है? हमने अभी इस मामले को अपने हाथ में नहीं लिया है लेकिन अगर आदेश मिला तो निश्चित ही इसकी जांच करेंगे।”
एजेंसी ने अक्टूबर में भारत में जाली मुद्रा की तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना उत्तम कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया था। वह झारखंड के धनबाद का रहने वाला है।
एनआईए के अफसरों ने कोलकाता एसटीएफ से गिरफ्तार किए गए तीन संदिग्ध आईएसआई (पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी) एजेंट के बारे में भी जानकारी ली है। इन तीनों के पास से कई जरूरी दस्तावेजों के अलावा 5 लाख जाली रुपये भी बरामद किए गए हैं।
अफसर ने कहा कि इन तीनों संदिग्धों के मामले को भी एनआईए ने अभी अपने हाथ में नहीं लिया है। औपचारिक आदेश मिलने पर ही एजेंसी मामले की जांच कर सकती है।
dharmpath.com dharmpath