शिकागो, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के शिकागो शहर में एक श्वेत पुलिस अधिकारी द्वारा अश्वेत किशोर को गोली मारने का वीडियो जारी होने के बाद पैदा हुए विवाद के मद्देनजर शिकागो के पुलिस प्रमुख गैरी मैक्कार्थी को पद से हटा दिया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, शिकागो के मेयर रैम इमैनुएल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मैक्कार्थी को मंगलवार को उनके पद से हटा दिया गया।
मेयर ने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण एवं पुलिस कर्मियों के व्यवहार पर नजर रखने के लिए शिकागो के पांच ‘प्रतिष्ठित व्यक्तियों’ को नियुक्त किया है। साथ ही एक कार्य बल का भी गठन किया है।
यह घोषणा पुलिस अधिकारी जैसन वैन डाइक पर 17 वर्षीय लकान मैक्डोनाल्ड की हत्या के आरोप के एक सप्ताह बाद की गई है।
मैक्डोनाल्ड की हत्या का वीडियो जारी होने के बाद यहां तनाव फैल गया, जिसमें पुलिस अधिकारी को उनसे भाग रहे मैक्डोनाल्ड को 16 बार गोली मारते दिखाया गया है।
इस घटना के विरोध में शुक्रवार को 1,000 से अधिक लोगों ने शिकागो में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक के इस्तीफे की मांग की।
शिकागो के मेयर ने कहा कि इस मामले में जो कुछ भी हुआ, उसके लिए वह भी पुलिस अधीक्षक के समान ही जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा, “मैं जिम्मेदार हूं। मैं जिम्मेदारी से भाग नहीं रहा हूं। यह समस्या का अंत नहीं है, यह समाधान की शुरुआत है।”
कार्य बल के गठन का उद्देश्य अमेरिका के सबसे बड़े शहरों में से एक के पुलिस विभाग में लोगों के विश्वास को फिर से बहाल करना है।
पुलिस अधिकारी वैन डाइक को सोमवार को 15 लाख डॉलर के मुचलके पर जेल से रिहा कर दिया गया।
dharmpath.com dharmpath