अच्छे दिन लाने वाले अब दूसरे रास्ते पर : अखिलेश

गोरखपुर, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को यहां कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा करने वालों ने अब दूसरा रास्ता अख्तियार कर लिया है। गोरखपुर में उन्होंने 100 किलोवाट क्षमता वाले सौर संयंत्र का उद्घाटन किया।

अखिलेश ने यहां एक इंजीनियरिंग कॉलेज के कार्यक्रम में विपक्षियों पर निशाना साधने के साथ ही समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।

गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग युनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश ने कहा, “इंजीनियरिंग की पढ़ाई कठिन होती है। अगर पूरी दुनिया के मुकाबले देखा जाए तो हमारे देश के कॉलेज इसमें पिछड़े हुए हैं।”

अखिलेश ने वर्चुअल क्लास का उद्घाटन किया साथ ही 27 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।

इस दौरान अखिलेश ने कहा, “इंजीनियरिंग युनिवर्सिटी और कॉलेज को बेहतर बनाया जाएगा।”

अखिलेश ने कहा कि सपा ने संतुलन कायम करने का काम किया है। उन्होंने कहा, “आर्थिक विकास, अधोसंरचना हर क्षेत्र में सपा ने काम किया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उप्र विकास में अन्य राज्यों से आगे निकल रहा है।

उन्होंने सपा के अंग्रेजी विरोधी होने पर सफाई देते हुए कहा कि सपा को कम्यूटर और अंग्रेजी का विरोधी माना जाता था, जबकि सपा सरकार ने ही सबसे ज्यादा लैपटॉप बांटे। सपा ने 15 लाख से ज्यादा लैपटॉप बांटे हैं।

अखिलेश ने कहा, “बसपा सरकार में एम्स नहीं बन सका, वहीं सपा सरकार ने एम्स के लिए रायबरेली में जमीन दी, लेकिन केंद्र सरकार कह रही है कि जमीन अच्छी नहीं है।”

उन्होंने नाम न लेते हुए नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अच्छे दिन लाने वालों ने भी दूसरा रास्ता पकड़ लिया है। धर्म के बारे में सबको नहीं पता होता। जो धर्म के बारे में जानता है वह लड़ता नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493