गोल्फ : लाहिड़ी वर्ल्ड चैलेंज में पदार्पण को पूरी तरह तैयार

अलबानी (बहमास), 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। शीर्ष भारतीय गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी गुरुवार से अलबानी गोल्फ कोर्स में शुरू हो रहे 35 लाख डॉलर इनामी राशि वाले हीरो वर्ल्ड चैलेंज गोल्फ टूर्नामेंट में पदार्पण के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद लाहिड़ी इस टूर्नामेंट में दुनिया के अग्रणी 17 खिलाड़ियों को चुनौती देंगे।

39वीं विश्व वरीयता प्राप्त लाहिड़ी को पेशेवर गोल्फ संघ (पीजीए) द्वारा मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए विशेष छूट प्रदान की गई है।

वर्ल्ड चैलेंज में लाहिड़ी इस वर्ष दो मेजर खिताब जीतने वाले सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त और मौजूदा चैम्पियन जॉर्डन स्पीथ के साथ खेलते नजर आएंगे।

इसके अलावा टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले अन्य दिग्गजों में 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त जैक जॉनसन, चौथी विश्व वरीयता प्राप्त बुब्बा वाटसन, पांचवीं विश्व वरीयता प्राप्त जस्टिन रोज, छठी विश्व वरीयता प्राप्त रिकी फॉलर, आठवीं विश्व वरीयता प्राप्त डस्टिन जॉनसन, 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त एडम स्कॉट, 13वीं विश्व वरीयता प्राप्त पैट्रिक रीड, 14वीं विश्व वरीयता प्राप्त मैट कचर, 23वीं विश्व वरीयता प्राप्त जे. बी. होम्स, 24वीं विश्व वरीयता प्राप्त पॉल कैसी, 25वीं विश्व वरीयता प्राप्त जिम्मी वॉकर, 36वीं विश्व वरीयता प्राप्त बिली होर्शेल, 41वीं विश्व वरीयता प्राप्त क्रिस किर्क और 43वीं विश्व वरीयता प्राप्त बिल हास शामिल हैं।

स्पीथ इस टूर्नामेंट में तीसरी बार हिस्सा ले रहे हैं। स्पीथ इस वर्ष पीजीए टूर का फेडएक्स कप खिताब जीत चुके हैं, पीजीए टूर प्लेयर ऑफ द ईयर चुने जा चुके हैं और विश्व वरीयता में शीर्ष स्थान हासिल कर चुके हैं।

वेब डॉट कॉम सीरीज फाइनल्स के जरिए पीजीए टूर कार्ड 2015-16 हासिल करने वाले लाहिड़ी ने इस वर्ष एशियन टूर में दो खिताब, एशियन ओपन और मलेशिया ओपन, जीते। इसके अलावा वह प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट्स कप में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय भी बने।

लाहिड़ी ने इस वर्ष चारों मेजर टूर्नामेंटों और गोल्फ विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया और पीजीए चैम्पियनशिप में उन्होंने सम्मानजनक पांचवां स्थान भी हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493