मुंबई, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 15 खिताब जीत चुके दिग्गज भारतीय बिलियर्ड एवं स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी का कहना है कि वह अभी भी खेलना सीख रहे हैं।
आडवाणी ने साथ ही इच्छा जताई कि वह चाहते हैं कि उन्हें किसी दिन दिग्गज टेनिस स्टार रोजर फेडरर ट्विटर पर फॉलो करें।
आडवाणी ने हाल ही में आईबीएसएफ स्नूकर विश्व चैम्पियनशिप खिताब अपने नाम किया। आडवाणी ने पिछले महीने धुरंधर चीनी खिलाड़ी झुआ शिनटोंग को हराते हुए करियर का 15वां विश्व चैम्पियनशिप खिताब जीता।
इससे ठीक पहले आडवाणी सितंबर में आईबीएसएफ बिलियर्डस खिताब भी अपने नाम करने में सफल रहे थे। आडवाणी एक ही वर्ष में स्नूकर के लंबे और सीमित दोनों श्रेणियों में खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बने।
आडवाणी ने यहां मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “मैं अभी भी खेलना सीख रहा हूं। सीखने का कोई अंत नहीं होता।”
ट्विटर इंडिया द्वारा आयोजित टॉक शो में आडवाणी ने कहा कि उनका सपना है कि उन्हें स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हॉलीवुड के दिग्गज फिल्मकार क्रिस्टोफर नोलान ट्विटर पर फॉलो करें।
आडवाणी ने कहा, “फेडरर मेरे देखे में सर्वाधिक महान खिलाड़ियों में से हैं। उनका ट्विटर आकाउंट सबसे मजेदार है। मेरा सपना है कि फेडरर मुझे ट्विटर पर फॉलो करें।”
उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्विटर अकाउंड फॉलो करना पसंद करता हूं, क्योंकि वह जानकारियों से भरी रहती है। उनके हर निर्णय और मौजूदा मुद्दों पर उनकी प्रतिक्रिया से मदद मिलती है। यहां तक कि सर्बिया के टेनिस स्टार नोवाक जोकोविक को भी मैं फॉलो करना पसंद करूंगा। वह बहुत ही रोचक व्यक्ति हैं।”
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष अक्टूबर में करियर का 14वां विश्व चैम्पियनशिप खिताब जीतने के बाद आडवाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
प्रधानमंत्री से अपनी मुलाकात के बारे में आडवाणी ने कहा, “प्रधानमंत्री से मिलना मेरे जीवन का बेहद अहम क्षण था। मैं थोड़ा घबराया हुआ था। वह बातचीत करने में बेहद सहज हैं। मैंने उनसे भारत में खेलों की स्थिति और खेल राजनीति पर बात की थी।”
dharmpath.com dharmpath