रायपुर, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) फाइनल के क्वार्टर फाइनल में गुरूवार को भारत का सामना ब्रिटेन से होगा।
भारतीय टीम लीग चरण के तीन मैचों में दो हार और एक ड्रॉ खेलने के बाद पूल-बी में सबसे निचले पायदान पर रही थी।
दूसरी ओर ब्रिटेन ने पूल-ए में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रव्ेश किया है और विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया को 5-2 से हराने का आत्मविश्वास भी उनके साथ होगा।
ब्रिटिश टीम भले ही अपने धुरंधर कप्तान बैरी मिडिलटन और स्टार स्ट्राइकर एश्ले जैक्सन की अनुपस्थिति में एचडब्ल्यूएल फाइनल खेलने आई है, लेकिन बॉबी क्रचले के मार्गदर्शन में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
नए कप्तान डैन फॉक्स ने अपनी टीम का शानदार नेतृत्व किया है, जबकि निक काटलिन, हैरी मार्टिन और डेविड कोंडोन ने अब तक दमदार प्रदर्शन किया है।
ब्रिटेन के तीनों स्ट्राइकरों, एलिस्टर ब्रॉगडॉन, एलन फोरसिथ और सिमोन मैंटेल, ने अब तक दमदार खेल दिखाया है और तीनों मिलकर 11 गोल कर चुके हैं।
दूसरी ओर भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। सिर्फ आठ टीमों के खेलने के कारण मेजबान भारत को जरूर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिल गया है।
एशियन चैम्पियन भारत के लिए इस मैच में प्रमुख दारोमदार कप्तान सरदार सिंह पर होगा और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़कर टीम का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करना होगा।
भारतीय स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह, एस. वी. सुनील और तलविदर सिंह ने अब तक निराश किया है। भारतीय टीम अब तक खेले तीन मैचों में सिर्फ दो गोल कर सकी है।
यह मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े छह बजे खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath