भोपाल गैस हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि (लीड-1)

भोपाल, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुए गैस हादसे की गुरुवार को 31वीं बरसी मनाई जा रही है। इस मौके पर एक सर्वधर्म प्रार्थनासभा का आयोजन किया गया, जिसमें हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई।

दूसरी ओर इस हादसे से प्रभावित परिवार यूनियन कार्बाइड और डाओ केमिकल के साथ-साथ केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार के खिलाफ भी अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं।

गैस हादसे की 31वीं बरसी पर बरकतउल्ला भवन के केंद्रीय पुस्तकालय में सर्वधर्म प्रार्थनासभा हुई। विभिन्न धर्मगुरुओं ने धार्मिक पाठ कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और प्रभावित लोगों के सुखमय जीवन की कामना की। दो मिनट का मौन भी रखा गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, गैस राहत मंत्री नरोत्तम मिश्रा, गृह मंत्री बाबूलाल गौर सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि दो-तीन दिसंबर, 1984 की रात को यूनियन कार्बाइड संयंत्र से जहरीली गैस रिसी थी। इस हादसे में एक रात में तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। मौतों का यह सिलसिला अब भी जारी है। मृतकों की याद में तीन दिसंबर को श्रद्धांजलि सभा, प्रार्थना सभा का आयोजन और गैस पीड़ितों का प्रदर्शन वर्षो से होता आ रहा है।

भोपाल गैस पीड़ितों के लिए काम करने वाले संगठन अपने-अपने तरह से रैली व जुलूस निकालकर अपने गुस्से का इजहार कर कर रहे हैं। भोपाल ग्रुप ऑफ इंफॉर्मेशन और एक्शन के सतीनाथ षड्ंगी ने भोपाल टॉकीज से यूनियन कार्बाइड संयंत्र तक रैली निकालने की बात कही है, जबकि भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन ने भी प्रदर्शन की बात कही है।

इसी तरह भोपाल गैस पीड़ित सहयोग संघर्ष संगठन की संयोजक साधना कार्णिक ने अपने संगठन की ओर से यूनियन कार्बाइड संयंत्र के सामने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन करने की बात कही।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493