कैलिफोर्निया गोलीबारी के संदिग्ध की पहचान हुई

लॉस एंजेलिस, 3 दिसंबर (आईएएनएस)। कैलिफोर्निया में भीषण गोलीबारी में शामिल एक संदिग्ध की पहचान उजागर हो गई है। इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई।

काउंसिल ऑन अमेरिकन इस्लामिक रिलेशंस (सीएआईआर) के कार्यकारी निदेशक हुसाम आयलोश ने बताया कि संदिग्ध हमलावर का नाम सैयद फारुख है। फारुख के परिवार को बुधवार सुबह से उसकी कोई खबर नहीं मिल रही थी।

लॉस एंजेलिस से 60 मील दूर कैलिफोर्निया के सैन बर्नारडिनो के इनलैंड रीजनल सेंटर में दो संदिग्ध हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। इस सेंटर में काउंटी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी होलीडे कार्यक्रम के लिए इकट्ठा हुए थे।

इन संदिग्धों को बाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मार गिराया गया। इन हमलावरों में एक पुरुष और एक महिला थी।

बर्नारडिनो पुलिस प्रमुख जैरड बर्गुआन ने संवाददाताओं को बताया कि इन हमलावरों के पास राइफल और पिस्तौल थी और उन्होंने सेना की वर्दी पहनी हुई थी।

फारुख के बहनोई फरहान खान ने कहा, “मुझे कोई अंदाजा नहीं है कि उसने ऐसा क्यों किया। मैं खुद सदमे में हूं।” फरहान ने एक सप्ताह पहले आखिरी बार फारुख से बात की थी।

घटनास्थल के समीप एक तीसरे शख्स को भागते हुए पकड़ा गया है लेकिन पुलिस आश्वस्त नहीं है कि उसका संबंध गोलीबारी से है।

हालांकि, आतंकवादी हमले की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

लॉस एंजेलिस में एफबीआई के सलाहकार निदेशक डेविड बाउडिच ने संवाददाताओं को बताया, “मैं जानता हूं कि सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि ‘क्या यह आतंकवादी हमला है’? मैं अभी इस बारे में कुछ नहीं कह पाऊंगा, क्योंकि हमें इसके बारे में सटीक जानकारी नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493