छोटा राजन की न्यायिक हिरासत 15 दिसंबर तक बढ़ी

नई दिल्ली, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली की एक अदालत ने फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार अंडरवल्र्ड डॉन सदाशिव निखल्जे उर्फ छोटा राजन की न्यायिक हिरासत की अवधि गुरुवार को 15 दिसंबर तक बढ़ा दी है।

अदालत के सूत्रों के मुताबिक, राजन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के समक्ष पेश किया गया था जिसके बाद विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार ने उसकी न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी।

अदालत ने मंगलवार को राजन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तिहाड़ जेल से ही अदालत में पेश करने की केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) की याचिका को स्वीकार कर लिया था। सीबीआई ने राजन की जान को खतरे को देखते हुए यह मांग की थी।

सीबीआई ने राजन और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों को भारतीय दंड संहिता के तहत अपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, दस्तावेजों की जालसाजी, भेष बदलकर धोखाधड़ी के आरोप लगाते हुए फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार किया है।

राजन हत्या से लेकर हफ्ता वसूली, मादक पदार्थो की तस्करी सहित 85 से भी अधिक मामलों में वांछित है और उसके खिलाफ महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात की अदालतों में मुकदमे चल रहे हैं।

गौरतलब है कि छोटा राजन 27 साल से फरार था। उसे इंडोनेशियाई पुलिस ने 25 अक्टूबर को बाली से गिरफ्तार किया गया था जिसके बाद 6 नवम्बर को उसे भारत लाया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493