लाहौर, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय एयरलाइन्स (पीआईए) ने रेहम खान को लंदन से लाहौर की यात्रा के दौरान विमान के कॉकपिट में बिठाने की जांच शुरू कर दी है।
रेहम, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान की पूर्व पत्नी हैं।
समाचार-पत्र ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, पीआईए के प्रवक्ता डेनियल गिलानी ने कहा, “प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि रेहम खान गुरुवार को लंदन से लाहौर के लिए अपने सफर के दौरान कुछ मिनट के लिए कॉकपिट में बैठी थीं।”
विमान चालक के अनुसार, उसने रेहम के कॉकपिट में बैठने के अनुरोध को स्वीकृति दी थी।
उन्होंने कहा, “हालांकि चालक द्वारा इसकी अनुमति सिर्फ एक शिष्टाचार नजर आ रही है, फिर भी पीआईए नियमों को नजरअंदाज नहीं कर सकता।”
डेनियल ने कहा कि कानून के अनुसार, अनधिकृत व्यक्तियों को कॉकपिट में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह चालक की जिम्मेदारी थी कि वह किसी को भी कॉकपिट में न आने दे।
प्रवक्ता ने कहा, “यह नियमों और सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ है। पीआईए प्रबंधन ने इस मामले में जांच की पहल की है। जांच के बाद सबूतों के आधार पर चालक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
सूत्र ने कहा कि रेहम की कॉकपिट पर बैठी फोटो सोशल मीडिया पर साझा होने के बाद पीआईए ने आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर फोटो साझा होने के बाद इस मामले को नजरअंदाज करना पीआईए के लिए बहुत मुश्किल था। अगर इस संबंध में कदम नहीं उठाया जाएगा, तो सभी पीआईए पर निशाना साधेंगे।”
पीआईए अधिकारियों ने लाहौर हवाईअड्डे पर रेहम का स्वागत भी किया। इस बारे में डेनियल ने कहा कि अगर कोई व्यक्तिगत तौर पर उनका स्वागत करता है, तो प्रबंधन को इसमें कोई आपत्ति नहीं है।
dharmpath.com dharmpath