जापान की कंपनी करेगी मप्र में निवेश

भोपाल, 4 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में जापान का एसएमबीसी निक्को समूह यहां के मेगा फूड पार्क में निवेश करना चाहता है। समूह के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर निवेश का प्रस्ताव दिया है।

आधिकारिक तौर पर जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि निवेशकों से मुलाकात के नियमित क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री चौहान से जापान के एसएमबीसी निक्को समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर (कैपिटल मार्केट) सिगेया कोबास्याशी, मैनेजिंग डायरेक्टर (ग्लोबल बिजनेस) अखिरो तोयामा और रुचि सोया समूह के कैलाश सहारा ने मुलाकात की। एसएमबीसी निक्को समूह ने प्रदेश के मेगा फूड पार्क में निवेश का प्रस्ताव दिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेश के लिए आदर्श प्रदेश है। मध्यप्रदेश देश में तेजी से विकसित हो रहा प्रदेश है। हाल ही में नीति आयोग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश की विकास दर 16.8 प्रतिशत है। प्रदेश में निवेश मित्र नीति लागू है। खाद्य प्र-संस्करण राज्य सरकार की प्राथमिकता वाला क्षेत्र है।

एसएमबीसी निक्को सिक्योरिटीज जापान की एक बड़ी बैंकिंग फर्म है। फर्म ने प्रदेश में रुचि समूह द्वारा देवास में स्थापित किए जा रहे केंद्र सरकार से स्वीकृत मेगा फूड पार्क एवं अन्य उद्योगों में निवेश के प्रति रुचि प्रदर्शित की है। रुचि समूह सोया प्रोडक्ट्स, स्टील प्रोडक्ट्स, पॉवर जनरेशन, डेयरी, सीमेंट, सूचना-प्रौद्योगिकी तथा अवसंरचना विकास के क्षेत्र में कार्यरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493