दिल्ली टेस्ट : भारत को चायकाल तक 329 रनों की बढ़त (लीड-1)

नई दिल्ली, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। फिरोजशाह कोटला मैदान पर जारी चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को चायकाल तक भारत ने 329 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 116 रन बनाए हैं।

कप्तान विराट कोहली 39 और पहली पारी के हीरो अजिंक्य रहाणे 22 रनों पर नाबाद हैं। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 59रनों की साझेदारी की है। कोहली ने 63 गेंदों पर पांच चौके लगाए हैं जबकि रहाणे ने 81 गेंदों का सामना कर दो चौके लगाए हैं। भारत ने अब तक 36 ओवरों का सामना किया है और 2.14 के औसत से रन बनाए हैं।

भारत ने भोजनकाल तक दो विकेट पर 51 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में भारत ने शिखर धवन (21) और चेतेश्वर पुजारा (28) के विकेट गंवाए। धवन को मोर्ने मोर्कल ने बेहतरीन यार्कर पर बोल्ड किया जबकि पुजारा को इमरान ताहिर ने अपना शिकार बनाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े।

तीसरे दिन पहले सत्र में भारत ने मुरली विजय (3) और रोहित शर्मा (0) के विकेट गंवाए थे। विजय को मोर्कल ने चार के कुल योग पर डेन विलास के हाथों कैच कराया जबकि रोहित को मोर्कल ने क्वीन बोल्ड किया। रोहित को बदलाव के तौर पर तीसरे क्रम पर भेजा गया था।

रवींद्र जडेजा (30-5) के नेतृत्व में अपने गेंदबाजों और उससे पहले रहाणे (127) के उम्दा शतक की बदौलत भारत ने दूसरे दिन शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 121 रनों पर समेटकर 213 रनों की बढ़त हासिल की थी। भारत ने अपनी पहली पारी में 334 रन बनाए थे।

दक्षिण अफ्रीका 14 रनों से फॉलोऑन को मजबूर हुआ लेकिन भारत ने उसे फॉलोऑन नहीं कराने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन से बचने के लिए 134 रनों की जरूरत थी। दक्षिण अफ्रीका ने 49.3 ओवरों का सामना किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493