नई दिल्ली, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। फ्लेक्सिबल पैकेजिंग कंपनी यूफ्लेक्स गुजरात के साणंद में एक नई इकाई स्थापित करने के लिए 1,500 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इस इकाई में लिक्वि ड एनर्जी ड्रिंक, दूध, जूस के लिए हर साल सात अरब पैकेट तैयार किए जाएंगे। यह बात कंपनी के अध्यक्ष अशोक चतुर्वेदी ने कही।
चतुर्वेदी ने आईएएनएस से कहा, “संयंत्र साणंद में 72 एकड़ क्षेत्र में स्थापित होगा। इस इकाई में करीब तीन हजार लोगों को नौकरी मिलेगी और इसकी कुल आय करीब 4,500 करोड़ रुपये की होगी। प्रथम चरण में 1,200 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। इकाई अप्रैल 2017 में वाणिज्यिक रूप से चालू होगी।”
अध्यक्ष ने कहा, “इकाई के 90 फीसदी उत्पादन की खपत घरेलू बाजार में होगी। प्रथम चरण में 580 करोड़ रुपये का निवेश होगा और करीब सात अरब पैकेटों का निर्माण होगा।”
उन्होंने बताया कि देश का फ्लेक्सिबल पैकेजिंग बाजार करीब सालाना 14 फीसदी की दर से विस्तार कर रहा है। 2020 तक यह 32 अरब डॉलर का हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठित रिटेल के विकास से पैकेजिंग उद्योग को काफी बढ़ावा मिला है।
विस्तार के लिए गुजरात को प्राथमिकता देने के बारे में चतुर्वेदी ने कहा कि राज्य में 1,600 किलोमीटर लंबा तट है। 42 बंदरगाह हैं, समुचित बिजली आपूर्ति और अच्छी औद्योगिक अवसंरचना है।
32 साल की इस कंपनी के उत्पादन संयंत्र भारत, दुबई, मिस्र, मेक्सिको, पॉलैंड और अमेरिका में मौजूद हैं। कंपनी का बाजार 85 देशों में फैला हुआ है। यह पॉलिस्टर चिप्स, प्लास्टिक फिल्म, लेमिनेट, इंक और गोंद का निर्माण करती है। भारत में इसके संयंत्र नोएडा, जम्मू और मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर में काम कर रहे हैं
पीएंडजी, पेप्सिको, टाटा ग्लोबल, मोंडलीज, लॉरियल, ब्रिटेनिया, हल्दीराम, अमुल, किंबरे क्लार्क, फेरो रॉचर, परफेटी, जीएसके, नेस्ले, एग्रोटक फूड्स, कोका कोला, रिग्ले और जॉनसर एंड जॉनसन इसके प्रमुख ग्राहकों में हैं।
dharmpath.com dharmpath