नई दिल्ली, 7 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद महेश गिरि ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में अलग-अलग दिन सम और विषम पंजीकरण संख्या वाले वाहनों के परिचालन की व्यवस्था पर फैसला लेने से पहले राज्य सरकार को व्यापक रूप से परामर्श करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस फैसले में गरीबों का ध्यान नहीं रखा गया है।
पूर्वी दिल्ली के सांसद गिरि ने लोकसभा में कहा कि राजधानी में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है और कई और उपाय थे, जो सरकार कर सकती थी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में औद्योगिक इकाइयों से भी प्रदूषण फैल रहा है।
सरकार के फैसले से अमीरों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि वे एक दिन सम और अगले दिन विषम पंजीकरण संख्या वाले वाहनों का उपयोग कर सकते हैं।
अधिकतर गरीब दोपहिया वाहनों का उपयोग करते हैं, जिन पर इस फैसले का सर्वाधिक असर होगा।
राज्य सरकार ने गत शुक्रवार को यह फैसला किया कि एक जनवरी 2016 से दिल्ली में सम और विषम पंजीकरण संख्या वाले वाहन अलग-अलग दिन चला करेंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बाद में हालांकि कहा कि यदि इससे असुविधा होगी तो फैसला वापस ले लिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath