लंदन, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के एक सांसद को फेसबुक पर दुर्भावनापूर्ण संदेश भेजने के अपराध में एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
समाचार पत्र ‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रेग वॉलेस पर दुर्भावनापूर्ण संदेश भेजने के अपराध में मामला दर्ज किया गया है और उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
सीरिया में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ ब्रिटेन द्वारा चलाए गए अभियान के पक्ष में मत देने के बाद कई सांसदों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
उत्तरी लंदन के विल्सडेन में रहने वाले वॉलेस ने आईएस के खिलाफ युद्ध में शामिल होने के लिए संसद में किए जा रहे मतदान के दिन संसद के बाहर युद्ध के विरोध में आयोजित रैली में हिस्सा लिया था।
मतदान के एक दिन बाद वॉलेस ने ब्रिटिश सांसद हिलेरी बेन को एक ईमेल भेजा था, जिसमें उन्होंने हिलेरी को युद्ध अपराधी और आतंकवादी कहकर संबोधित किया था। इस संदेश को हिलेरी के फेसबुक पृष्ठ पर भी पोस्ट किया गया।
ईमेल के मुताबिक, “मैं भगवान से उम्मीद करता हूं कि तुम्हें दुस्वप्न आए, जब तुम ये सुनो कि तुम्हारी सरकार ने बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की हत्या कर दी है।”
वालेस को एक अन्य सांसद को फेसबुक पर संदेश भेजने के बाद गिरफ्तार कर लिया।
dharmpath.com dharmpath