मुंबई, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के ‘हीमैन’ धर्मेद्र और अपने जमाने की मशहूर अदाकारा शर्मिला टैगोर को मंगलवार को उनके जन्मदिन पर फिल्म और खेल जगत से खुशहाल और स्वस्थ जीवन की ढेरों शुभकामनाएं मिलीं।
धर्मेद्र 80 और शर्मिला 71 साल की हो गई हैं।
इस जोड़ी ने साथ में ‘अनुपमा’, ‘देवर’, ‘सत्यकाम’, ‘यकीन’, ‘मेरे हमदम मेरे दोस्त’ और ‘चुपके चुपके’ जैसी फिल्मों में काम कर दर्शकों का दिल जीता है।
धर्मेद्र के अभिनेता बेटे सनी देओल ने अपने पिता को ‘हीरो’ बताया।
सनी ने अपने पिता और भाई बॉबी देओल की मौजूदगी वाली एक तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट की और लिखा, “मेरे हीरो, मेरे सुपरस्टार आपको जन्मदिन की बधाई हो।”
महानायक अमिताभ बच्चन ने धर्मेद्र की मौजूदगी वाली तस्वीरों का एक कोलाज बनाकर ट्विटर पर पोस्ट किया।
उन्होंने कोलाज के कैप्शन में लिखा, “हैप्पी बर्थडे धर्मजी।”
मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर ने शर्मिला और धर्मेद्र के साथ की उनकी फिल्मों की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, “दोनों को जन्मदिन की शुभकामनाएं।”
अभिनेत्री शबाना आजमी ने धर्मेद्र के कोलाज पर री-ट्वीट किया। वहीं फिल्म अभिनेता प्रसन्नजीत चटर्जी ने पोस्ट में लिखा, “हैप्पी बर्थडे शर्मिला आंटी। यह दिन बार बार आए। दिग्गज धर्मेद्र अंकल को हैप्पी बर्थडे। बार-बार दिन ये आए।”
लेखक-निर्देशक संजय गुप्ता ने धर्मेद्र को ‘नरम दिल वाला कड़क बंदा’ बताया।
dharmpath.com dharmpath