नई दिल्ली, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शुक्रवार को प्रेसिडेंट्स एस्टेट में स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सर्वोदय विद्यालय स्कूल में ऊर्जा महोत्सव ‘उमंग-2015’ का उद्घाटन किया। उन्होंने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सर्वोदय विद्यालय स्कूल को एक सौर ऊर्जा चालित हरित स्कूल घोषित किया और ऊर्जा संबंधी शिक्षा पर एक स्मार्टफोन एप ‘सजग’ भी लॉन्च किया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया ग्लोबल वॉर्मिग की समस्या से निपटने में जुटी हुई है, उमंग-2015 की थीम ‘नई जिंदगी की उमंग, स्वच्छ ऊर्जा के संग’ को अत्यंत सामयिक कहा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि कॉर्बन उत्सर्जन में कटौती और टिकाऊ या सतत रहन-सहन की दिशा में सही ढंग से आगे बढ़ने के लिए पूरी दुनिया के तमाम नेता ‘पेरिस जलवायु सम्मेलन’ में भाग ले रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया की तकरीबन 17 फीसदी आबादी भारत में रहती है, लेकिन इसकी ऊर्जा एवं बिजली खपत कुल वैश्विक खपत का तकरीबन पांच फीसदी ही है। भारत में ऊर्जा एवं बिजली की प्रति व्यक्ति खपत वैश्विक औसत के एक-तिहाई से भी कम है।
उन्होंने कहा कि अगले दो दशकों के दौरान आठ फीसदी से ज्यादा की आर्थिक विकास दर निरंतर हासिल करने के लिए भारत को अपनी प्राथमिक ऊर्जा आपूर्ति में अपनी मौजूदा खपत के मुकाबले तीन-चार गुना और बिजली आपूर्ति में अपनी मौजूदा खपत के मुकाबले कम से कम पांच-सात गुना वृद्धि की जरूरत पड़ेगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि वह चाहते हैं कि भविष्य में कई और सरकारी स्कूल ‘सौर ऊर्जा के जरिए हरित’ बन जाएं एवं देश के स्वच्छ ऊर्जा आंदोलन में अहम योगदान करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार का शिक्षा विभाग इस दिशा में आगे काम करेगा और दिल्ली को एक ‘स्वच्छ एवं हरित शहर’ में तब्दील कर देगा।
dharmpath.com dharmpath