सियोल, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच मंत्री स्तरीय वार्ता शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। दोनों देशों के बीच यह बैठक शुक्रवार को शुरू हुई थी।
दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय के मुताबिक, तीसरी बैठक शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10.40 बजे उत्तर कोरिया के सीमावर्ती शहर केसोंग में शुरू हुई।
वार्ता दक्षिण कोरिया के उप एकीकरण मंत्री हुआंग बू-गी के नेतृत्व वाले तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और उत्तर कोरिया के उनके समकक्ष जोन जोंग-सू के बीच हो रही है।
दोनों पक्षों के बीच शुक्रवार को देर तक वार्ता चली थी, लेकिन वे प्रमुख मुद्दों पर मतभेद कम करने में विफल रहे थे।
दक्षिण कोरिया 1950-53 के कोरियाई युद्ध के दौरान अलग हुए कोरियाई परिवारों के पुनर्मिलन पर सहमति के लिए उत्तर कोरिया पर जोर डालता रहा है।
वहीं, उत्तर कोरिया भी दक्षिण कोरिया के दर्शनीय स्थल माउंट कुमगांग को पर्यटन के लिए फिर से खोलने की इच्छा जताता रहा है।
माउंट कुमागांग के लिए पर्यटन की शुरुआत 1998 में हुई थी, लेकिन इसे जुलाई 2008 में बंद कर दिया गया, जब दक्षिण कोरिया की एक महिला पर्यटक के प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने पर उत्तर कोरिया के जवान ने उसे गोली मार दी थी।
dharmpath.com dharmpath