सम्मानित होंगे अनिल कपूर

मुंबई, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के ‘झक्कास’ अभिनेता अनिल कपूर को हिन्दी सिने जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान बिग स्टार एंटरटेनमेंट अवार्डस 2015 के समारोह में दिया जाएगा।

इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया है कि अनिल को यहां रविवार को एमएमआरडीए ग्राउंड में होने वाले समारोह में 92.7 बिग एफएम की ओर से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें ‘हिट थे, हिट रहेंगे’ सम्मान से नवाजा जाएगा।

बयान में कहा गया है कि अनिल ने हिन्दी सिने जगत के साथ-साथ टेलीविजन पर भी खुद को स्थापित किया और हॉलीवुड में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया। उन्होंने एक निर्माता के रूप में भी खुद को स्थापित किया।

अनिल कपूर ने अपने करियर में हिन्दी सिने जगत को ‘वो सात दिन’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘राम लखन’, ‘दिल धड़कने दो’ जैसी कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। वहीं ‘स्लम डॉग मिलेनियर’ और ‘मिशन : इम्पॉसिबल-घोस्ट प्रोटोकॉल’ के जरिये उन्होंने अपना और देश का नाम अंतराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

इस अवार्ड समारोह में सुपरस्टार सलमान खान, आलिया भट्ट भी प्रस्तुति देंगे। यह अवार्ड समारोह 92.7 बिग एफएम और स्टार प्लस के द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493