वाराणासी, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे शनिवार शाम वाराणासी पहुंचे, जहां उनका शानदार स्वागत किया गया।
आबे अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के एक विशिष्ट विमान में आए जहां उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नईक और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनका स्वागत किया।
विमान से उतरते हुए उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
यादव ने आबे और मोदी दोनों को फूलों के गुलदस्ते और शॉल भेंट की।
बाबतपुर हवाई अड्डे पर मुख्य सचिव आलोक रंजन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
दोनों देशों के प्रधानमंत्री उसके बाद रेड कार्पेट पर चलकर गए। बौद्ध भिक्षुओं, कथक नर्तकों और ड्रम बजाकर कलाकारों ने उनका पांरपरिक स्वागत किया।
आबे यहां से अपनी बुलेट प्रूफ कार में नडेसर स्थित ताज गेटवे होटल चले गए, जबकि मोदी राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शहर के महापौर से बातें करते रहे।
dharmpath.com dharmpath