चित्रकूट मेले के दौरान पिछले दो दिनों से कानपुर एवं चित्रकूट धाम कर्वी के मध्य चलने वाली यात्री ट्रेनों का संचालन बुरी तरह चरमरा गया है। इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ जाने से यात्री बुरी तरह परेशान हैं।
दैनिक यात्री जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार, राजकुमार, रमेश सिंह, आशाराम, कविता, पुष्पा, कामिनी आदि ने बताया कि चित्रकूट मेले के कारण सुबह कानपुर से मानिकपुर, महोबा से कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन तथा कानपुर से चित्रकूटधाम कर्वी तक जाने वाली इंटर सिटी का संचालन बुरी तरह गड़बड़ा गया है। इससे यात्रियों को तमाम मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस रूट में शिवरामपुर रेलवे स्टेशन में पिछले दिनों मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के बाद से यात्री गाड़ियों का संचालन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। यह घटना 7 दिसंबर को हुई थी। इसके बाद चित्रकूट मेला शुरू हो गया है।
भरुआ-सुमेरपुर के स्टेशन मास्टर ए.के. चंदोला एवं एन.के. वर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिन से ट्रेनों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।
इंटरसिटी के साथ शाम एवं सुबह को गुजरने वाली पैसेंजर ट्रेने लगातार लेट चल रही हैं। इससे यात्रियों को जहां दिक्कतें हुई हैं, वहीं रेलवे की आमदनी भी घटी है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों की लेटलतीफी से मंडल के सभी अफसर भी वाकिफ हैं। जल्द ही ट्रेन यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
dharmpath.com dharmpath