‘तालमणि’ मोरध्वज जाएंगे बैंकॉक

रायपुर/बालकोनगर, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालकोनगर में वेदांत कल्याण समिति की ओर से संचालित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के संगीत शिक्षक एवं प्रख्यात तबला वादक तालमणि पंडित मोरध्वज वैष्णव इंटनेशनल कल्चरल ओलंपियाड में शिरकत करने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक जाएंगे। वहां कल्चरल ओलंपियाड 26 से 30 दिसम्बर तक चलेगा।

इंटनेशनल कल्चरल ओलंपियाड का आयोजन थाईलैंड के कल्चरल ओलंपियाड ऑफ परफॉर्मिग आर्ट्स तथा महाराष्ट्र के पुणे स्थित अखिल भारतीय सांस्कृतिक संघ द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

पंडित मोरध्वज वैष्णव ने बताया कि उन्हें पहले भी कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर भागीदारी का अवसर मिल चुका है। बैंकॉक में आयोजित पांचवें ओलंपियाड में वह रूद्र ताल की प्रस्तुति देंगे, जो वैश्विक मंच पर उनकी मौलिक प्रस्तुति होगी।

अपनी रचना की तैयारी के लिए इन दिनों वह रोजाना तड़के तीन बजे से रियाज में जुट जाते हैं। ओलंपियाड में उनके साथ विश्वभर के कई श्रेष्ठ कलाकार मंच साझा करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय स्तर का निर्णायक मंडल श्रेष्ठ कलाकारों का चयन करेगा।

बालको प्रबंधन व दिल्ली पब्लिक स्कूल परिवार के साथ ही कोरबा तथा छत्तीसगढ़ के कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने पंडित मोरध्वज वैष्णव को उत्कृष्ट प्रस्तुति की शुभकामनाएं दी हैं।

पंडित मोरध्वज देश के उन युवा तबला गुरुओं में शामिल हैं, जिन्होंने बेहद कम उम्र में ही तालमणि का खिताब अर्जित किया। उनके सान्निध्य में बालकोनगर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के अलावा कोरबा जिले के कई बच्चे और युवा तबला वादन का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके शिष्यों ने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर बालकोनगर और कोरबा जिले का नाम रौशन किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493