पेरिस समझौता दुनिया के नेताओं के सामूहिक विवेक को दर्शाता है : मोदी

नई दिल्ली, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विश्व के नेताओं के साथ 13 दिनों तक चली वार्ता के बाद शनिवार को जलवायु परिवर्तन पर स्वीकृत पेरिस समझौता सभी नेताओं के सामूहिक विवेक को दर्शाता है।

मोदी ने ट्वीट किया, “जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सीओपी21 के पक्षकारों की वार्ता और पेरिस समझौता इस संबंध में दुनियाभर के नेताओं की बुद्धिमत्तता को प्रदर्शित करता है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन हमेशा एक चुनौती रहेगी, लेकिन पेरिस समाझौता दिखता है कि प्रत्येक देश इससे निपटने के लिए किस तरह प्रतिबद्ध हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, “पेरिस समझौते के परिणाम में न कोई हारा है और न जीता है। इस संबंध में केवल न्याय की जीत हुई है। हम सभी एक हरित भविष्य के लिए काम कर रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि पेरिस में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन में शनिवार शाम पेश समझौते के प्रारूप को 196 देशों के प्रतिनिधियों ने स्वीकार कर लिया।

जलवायु परिवर्तन को लेकर दुनिया के इस पहले सार्वभौमिक समझौते का उद्देश्य धरती के बढ़ते तापमान को दो डिग्री सेल्सियस से नीचे रखना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493