रांची, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखंड की लोहरदगा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान जारी हैं। नक्सल प्रभावित इस इलाके में उपचुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सुबह 11 बजे तक 20 फीसदी मतदान हुआ था। उपचुनाव में नौ उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 272 मतदान केंद्रों पर मत डाले जा रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2.20 लाख है।
मुख्य मुकाबला भाजपा समर्थित आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) उम्मीदवार नीरू भगत, कांग्रेस उम्मीदवार सुखदेव भगत और झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) उम्मीदवार बंधु तिर्की के बीच माना जा रहा है।
इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत तत्कालीन आजसू विधायक कमल किशोर भगत को धन उगाही के एक मामले में सात साल कैद की सजा होने की वजह से पड़ी।
नीरू भगत, कमल किशोर भगत की पत्नी हैं।
इस उपचुनाव को राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। यह सीट जनजातीय समुदाय के लिए आरक्षित है।
झारखंड में इस समय रघुबर दास मुख्यमंत्री हैं। दास राज्य के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री हैं।
dharmpath.com dharmpath