जम्मू, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय सेना ने बुधवार को 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में अपने प्राण न्योछावर करने वाले भारतीय सेना के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सेना के प्रवक्ता कर्नल एस.डी. गोस्वामी ने आईएएनएस को बताया कि यह कार्यक्रम उत्तरी कमान के मुख्यालय में 44वें सालगिरह पर पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया।
उन्होंने कहा, “16 दिसंबर को पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में ‘विजय दिवस’ के रूप में जश्न मनाया जाता है।”
गौरतलब है कि 1971 में इसी दिन 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने ढाका में भारतीय सेना के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा सैन्य आत्मसमर्पण था।
प्रवक्ता ने कहा, “यह ऐतिहासिक जीत के एक अनूठी और अद्वितीय उपलब्धि का प्रतीक है, जिसमें हमारी सेना ने नि:स्वार्थ लड़ाई लड़ी। इसमें तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के लोगों को मुक्ति मिली और एक स्वतंत्र बांग्लादेश का निर्माण हुआ।”
उत्तरी कमान के इस जश्न के तहत लेफ्टिनेंट जनरल एन.पी.एस. हीरा ने ध्रुव शहीद स्मारक पर एक पुष्पचक्र चढ़ाया।
dharmpath.com dharmpath