अरुणाचल प्रदेश संकट पर राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही बाधित (लीड-1)

नई दिल्ली, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। विपक्षी दल कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश के राजनीतिक संकट को लेकर गुरुवार को राज्यसभा की कार्यवाही में एक बार फिर व्यवधान डाला, जिसकी वजह से भोजनावकाश से पूर्व सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

पहले स्थगन के बाद अपराह्न् 12.37 बजे राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। इसके कुछ देर बाद सभापति हामिद अंसारी ने प्रश्नकाल शुरू कराने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस सदस्यों ने अपनी सीट से नारेबाजी शुरू कर दी।

मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने सदस्यों के हंगामे के बीच ही स्कूलों में दिए जाने वाले मिड-डे मील को लेकर किए गए एक सवाल का जवाब दिया।

इसके कुछ मिनट बाद ही कांग्रेस सदस्य सभापति की आसंदी के पास इकट्ठे हो गए। इसे देखते हुए सभापति अंसारी सदन की कार्यवाही अपराह्न् दो बजे तक के लिए स्थगित करने को विवश हो गए।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र सदन के उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में मात्र 34 विधायकों की उपस्थिति में एक सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ। राज्य के मुख्यमंत्री नबाम टुकी और विधानसभा अध्यक्ष सहित 26 कांग्रेस विधायकों ने सत्र का बहिष्कार किया और इसे असंवधानिक करार दिया।

राज्यपाल जे.पी. राजखोवा ने 14 जनवरी की बजाय बुधवार से शीतकालीन सत्र बुलाया था। राज्य में विधानसभा का शीतकालीन सत्र आम तौर पर पर 14 जनवरी को ही बुलाया जाता रहा है।

राज्यसभा में गुरुवार सुबह विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाया और राज्यपाल की भूमिका पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, “सदन की बैठक विधानसभा के बाहर या एक निजी आवास में कैसे हो सकती है। ऐसा स्वतंत्र भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ है।”

उपसभापति पी.जे. कुरियन ने कहा कि आजाद के नोटिस पर सभापति विचार कर रहे हैं, इसलिए इस मुद्दे पर उनके फैसले के बाद ही बहस कराई जा सकती है।

जनता दल (युनाइटेड) के सदस्य शरद यादव और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्य सीताराम येचुरी ने भी इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की।

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस सदस्य सभापति की आसंदी के करीब इकट्ठा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

विपक्षी सदस्य जिस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, उस समय वह राज्यसभा में ही मौजूद थे।

सभापति हामिद अंसारी ने आक्रोशित सदस्यों से सदन को प्रश्नकाल शुरू कराने देने का अनुरोध किया। लेकिन सदस्यों का हंगामा जारी रहा, जिसे देखते हुए उन्होंने अपराह्न् 12.07 बजे सदन की कार्यवाही 30 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493