पटना, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह शुक्रवार को पटना स्थित तख्त श्रीहरमंदिर साहिब पहुंचे और गुरु के दरबार में मत्था टेका। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के साथ बैठक कर जनवरी 2017 में आयोजित होने वाले श्रीगुरु गोविंद सिंह जी के 350 वीं जयंती (प्रकाश उत्सव) समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस क्रम में बादल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की।
प्रकाश सिंह बादल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रकाशोत्सव की तैयारी में पंजाब सरकार राज्य सरकार को हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने प्रत्येक सिख परिवार के दो-तीन सदस्यों से प्रकाशोत्सव की तैयारियों में शामिल होने की अपील की।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि 350वीं प्रकाश उत्सव समारोह के लिए पटना में 75 एकड़ में अस्थायी टैंट सिटी बनाया जाएगा, जिसमें दूसरे प्रदेशों और देशों से आने वाले लोगों को इसमें ठहराया जा सके। इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने के लिए लाखों लोगों के आने की संभावना है।
उन्होंने बादल को विश्वास दिलाया कि सरकार इन समारोहों को मनाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पटना साहिब को खूबसूरत बनाने की भी कोशिश की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पटना साहिब सिखों के 10वें गुरु, गुरू गोविन्द सिंह का जन्मस्थान है।
dharmpath.com dharmpath