लखनऊ, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ तथा आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह से ही सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में कमी आने के आसार जताए हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों के मौसम में बदलाव आया है। बर्फबारी की वजह से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से ठंड में इजाफा हुआ है।
उप्र मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त शनिवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री, कानपुर का 9.2 डिग्री, गोरखपुर का 10 डिग्री, इलाहाबाद का 11 डिग्री और झांसी का 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबाकि न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath