पायलट का आरोप-ईडी, सीबीआई का हो रहा दुरुपयोग, स्वामी का पलटवार

नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी के नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि कांग्रेस का रवैया देश को शर्मशार कर रहा है।

पायलट ने पटियाला हाउस अदालत में नेशनल हेराल्ड मामले की सुनवाई से पहले कहा, “यह स्पष्ट है कि कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है।”

हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का विरोध देश को शर्मशार कर रहा है।

स्वामी ने कहा, “एक नागरिक के तौर पर मुझे किसी कानून के उल्लंघन पर ध्यान आकृष्ट करने का अधिकार है। कांग्रेस का यह नाटक देश के लिए शर्मनाक है। वे इसलिए विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि वे इस मामले में हार जाएंगे, वरना उन्हें सामान्य तरीके से अदालत पहुंचना चाहिए।”

खुद को मिली जेड सुरक्षा के बारे में स्वामी ने कहा कि सर्वप्रथम पीवी नरसिम्हा राव की कांग्रेस सरकार ने उन्हें विशेष सुरक्षा दी थी।

उन्होंने कहा, “संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने बाद में सुरक्षा को लिट्टे की मौजूदगी वाले तमिलनाडु जैसे कुछ राज्यों तक सीमित कर दिया। लेकिन हमारी सरकार की सत्ता में वापसी के बाद जेड सुरक्षा फिर बहाल कर दी गई, जो मूल रूप से नरसिम्हा राव द्वारा दी गई थी। यह नई बात नहीं है।”

इसी बीच शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में पटियाला हाउस अदालत में पेश हुए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कमल नाथ ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला कांग्रेस के खिलाफ राजीनिक दुर्भावना का एकमात्र उदाहरण नहीं है और वे इसके खिलाफ लड़ेंगे।

उन्होंने कहा, “यह राजीनिक दुर्भावना का पहला मामला नहीं है। ऐसे कई मामले हैं जैसे कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का मामला, राजस्थान और गुजरात के मामले, हम सभी के खिलाफ लड़ेंगे। “

कांग्रेस नेता ने कहा, “यह सरकार को तय करना है कि वह कांग्रेस के साथ कैसा रिश्ता रखना चाहती है।”

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भी सोनिया और राहुल गांधी के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि देश उनके साथ खड़ा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493