नई दिल्ली, 19 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल ने उदय (उज्ज्वल डिस्कॉम एंश्योरेंस योजना) में राज्य की भागीदारी को अपनी मंजूरी दे दी है। इस पर बिजली, कोयला एवं नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उदय में शामिल होने पर बधाई दी है।
गोयल ने अपने ट्वीट में लिखा, “उदय में उत्तर प्रदेश की भागीदारी को राज्य मंत्रिमंडल द्वारा मंजूरी दिए जाने पर अखिलेश यादव को बहुत-बहुत बधाई। राज्य के उदय में शामिल होने से उत्तर प्रदेश की 20 करोड़ से अधिक जनता के लिए यह एक नया ‘सूर्योदय’ है।
11 राज्यों – आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू एवं कश्मीर, झारखंड, गुजरात, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान ने विद्युत मंत्रालय को पहले ही उदय में शामिल होने की अपनी सैद्धांतिक मंजूरी से अवगत करा दिया है।
उदय को विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम्स) की वित्तीय और परिचालन क्षमता में सुधार लाने के लिए शुरू किया गया था। इस योजना में ब्याजभार, विद्युत की लागत और एटी एंड सी की हानियों को कम करने का प्रावधान है। इसके परिणामस्वरूप डिस्कॉम्स लगातार 24 घंटे पर्याप्त और विश्वसनीय विद्युत की आपूर्ति करने में समर्थ हो जाएंगी।
उदय पूर्व गठित योजनाओं से कई मामलों में अलग है। इस योजना में ऐसे उपायों का प्रावधान है, जिनसे विद्युत उत्पादन की लागत में कमी आएगी और इससे अंतत: उपभोक्ताओं को लाभ होगा।
dharmpath.com dharmpath