हैदराबाद में चैरिटी समारोह 23 दिसंबर से

हैदराबाद, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। परोपकार के लिए धन जुटाने के लिए हैदराबाद में 23 दिसम्बर से एक अनोखा समारोह ‘एसीटी फाइबर नेट स्काय फेस्ट 2015’ आयोजित किया जाएगा।

समारोह का आयोजन मरणासन्न रोगियों की तकलीफें कम करने के लिए प्रशामक उपचार देने के केंद्र ‘स्पर्श होस्पाइस’ की मदद के लिए गाचीबोवली स्टेडियम में किया जाएगा।

तेलंगाना सरकार की सहभागिता में रोटरी क्लब ऑफ बंजारा हिल्स समारोह का आयोजन कर रहा है, जिसमें एनजीओ के लिए 5.5 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

भारतीय वायुसेना की टीम ‘आकाश गंगा’ द्वारा पैरा जंपिग, संगीत कॉन्सर्ट, खरीदारी, मिडनाइट फिल्में और खाना-पीना समारोह के मुख्य आकर्षणों में शामिल हैं।

आयोजनकर्ताओं में से एक जगदीश रामडुगू ने आईएएनएस को बताया कि शहर में पहली बार हॉट एयर बैलून की सवारी का लुत्फ उठाने का मौका दिया जाएगा।

खाने-पीने और ड्रिंक्स के साथ मिडनाइट फिल्में एक अन्य अनोखा आकर्षण होगा। हर रात एक ऑफबीट फिल्म दिखाई जाएगी।

हर रोज एक संगीत कॉन्सर्ट भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सोनू निगम, देवी श्री प्रसाद, बादशाह, आर. पी. पटनायक और शंकर महादेवन जैसे दिग्गज प्रस्तुति देंगे।

समारोह में चाय से लेकर स्नैक्स और भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय शैली के विभिन्न व्यंजन उपलब्ध होंगे।

2011 में शुरू हुए स्पर्श होस्पाइस में अब तक 700 मरणासन्न मरीजों को प्रशामक उपचार दिया जा चुका है।

जगदीश ने कहा, “हालांकि हम हर वर्ष धन जुटाने के लिए ऐसा आयोजन करते हैं, लेकिन इस बार हमने इसे एक खास समारोह के रूप में आयोजित करने का निश्चय किया है।”

जगदीश ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मेले में कम से कम एक लाख लोग शामिल होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493