दिल्ली दुष्कर्म : दोषी किशोर सुधार गृह से बाहर

नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में 16 दिसंबर, 2012 की रात घटी सामूहिक दुष्कर्म की घटना के लिए दोषी ठहराया गया किशोर सुधार गृह से रिहा हो चुका है।

पुलिस ने रविवार को कहा कि फिलहाल किशोर कहां है, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि किशोर को चार-पांच दिन पहले ही सुधार गृह से स्थानांतरित कर दिया गया था।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर जिला) मधुर वर्मा ने आईएएनएस से कहा, “किशोर को चार-पांच दिन पहले ही सुधार गृह से स्थानांतरित कर दिया गया था। उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया था और उसे एक एनजीओ के संरक्षण में रखा गया था।”

वर्मा ने कहा, “पुलिस को उसके मौजूदा ठिकाने के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।”

सामूहिक दुष्कर्म के इस मामले में गिरफ्तारी के समय किशोर की उम्र 18 वर्ष से कम थी, लिहाजा उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत सुनवाई हुई। उसे कानूनी प्रावधानों के तहत स्वीकृत अधिकतम तीन वर्षो की अवधि के लिए एक सुधार गृह में रखा गया था।

इस मामले में किशोर सहित कुल छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें से एक को तिहाड़ जेल में मृत पाया गया था। अन्य चारों आरोपियों के खिलाफ एक निचली अदालत ने मृत्युदंड सुनाया था, जिसे उच्च न्यायालय ने बरकरार रखा। मृत्युदंड के खिलाफ आरोपियों की याचिका सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493