पीबीएल को रोचक बनाएगा ट्रंप मैच : सायना

नई दिल्ली, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल ने सोमवार को कहा कि वह प्रो बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के आगामी संस्करण में शामिल किए गए ‘ट्रंप मैच’ प्रारूप को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

सायना का मानना है कि अगले वर्ष दो जनवरी से शुरू हो रहे पीबीएल की ट्रंप मैच के कारण रोचकता बढ़ जाएगी।

गौरतलब है कि इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) के नाम से खेले गए पहले संस्करण के बाद अब दूसरे संस्करण में इसका नाम बदलकर प्रो बैडमिंटन लीग (पीबीएल) कर दिया गया है और आयोजकों ने लीग को रोचक बनाने के लिए इसके प्रारूप में कुछ बदलाव भी किए हैं।

पीबीएल में लीग चरण के दौरान प्रत्येक मैच 15 अंक वाला होगा। इसके अलावा दो टीमों के बीच होने वाले पांच मैचों में से एक ट्रंप मैच होगा जिसे जीतने वाली टीम को बोनस अंक मिलेंगे, जबकि हारने वाली टीम के अतिरिक्त अंक काट लिए जाएंगे।

लीग चरण में कोई टीम अपने किसी एक खिलाड़ी को दो बार ट्रंप मैच में उतार सकती है जबकि नॉक आउट दौर में एक खिलाड़ी एक ही ट्रंप मैच खेल सकेगा।

दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त सायना पीबीएल में अवध वॉरियर्स की तरफ से खेलेंगी। उनका मानना है कि ट्रंप मैच को जीतना अहम साबित होगा।

सायना ने एक बयान में कहा, “मुझे जिस चीज ने सबसे ज्यादा उत्साहित किया, वह है ट्रंप मैच। मेरे हिसाब से यह मैच किसी मुकाबले टर्निग प्वाइंट साबित होगा। इसलिए इसे असरदार तरीके से उपयोग करना काफी अहम होगा।”

सायना की टीम में कई बड़े नाम हैं जिनमें डेनमार्क की क्रिस्टीना पेडरसन, बी. साई प्रानीत, चीन के कई युन, इंडोनेशिया की हेंड्रा गुनावान और थाईलैंड के बोडिन इस्सारा शामिल हैं। सायना को पूरा विश्वास है कि उनकी टीम प्रतिद्वंद्वी टीमों को अच्छी टक्कर देगी।

उन्होंने कहा, “यह खुशी की बात है कि पीबीएल की शुरुआत हो रही है जिसमें कई बेहतरीन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। हमें लीग में अच्छी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।”

लीग के पहले मुकाबले में सायना की अवध वॉरियर्स की टक्कर मुंबई रॉकेट्स से होगी।

लीग की अन्य टीमों में दिल्ली ऐसर्स, हैदराबाद हंटर्स, बेंगलुरू टॉप गंस और चेन्नई स्मैशर्स शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493