नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने संसद के मौजूदा शीतकालीन सत्र में किशोर न्याय संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपील की है।
अमित शाह को लिखे एक पत्र में मालीवाल ने कहा, “देश की सभी निर्भयाओं की ओर से मैं आपसे आग्रह करती हूं कि कृपया सुनिश्चित करें कि आपकी पार्टी के सभी सांसद बाल संशोधन विधेयक का सर्मथन करें और यह संसद में पारित हो जाए।”
मालीवाल ने लिखा है, “जरूरत पड़ने पर सत्र को तब तक बढ़ाया जा सकता है, जब तक कि यह विधेयक पारित न हो जाए। देश ज्योति सिंह (निर्भया) और कई अन्य निर्भयाओं को इंसाफ देने में नाकाम रहा है।”
सोनिया को लिखे पत्र में मालीवाल ने कहा है, “मैं बेहद चिंतित हूं कि यह महत्वपूर्ण विधेयक इतने लंबे समय से राज्यसभा में अटका हुआ है। इसे वर्तमान सत्र में पारित किया जाना चाहिए।”
मालीवाल ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किशोर न्याय विधेयक के कुछ प्रावधानों के कारण और कोई निर्भया इंसाफ से वंचित न रह जाए।
विधेयक में प्रस्तावित संशोधन पारित होने के बाद कोई घृणित अपराध करने पर किसी किशोर को अधिक कठोर सजा दी जा सकेगी।
उल्लेखनीय है कि 16 दिसम्बर, 2012 को दिल्ली में एक चलती बस में 23 वर्षीया एक पैरामेडिकल छात्रा निर्भया के साथ छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी।
इस मामले के छह दोषियों में से एक नाबालिग था। इस वर्ष 20 दिसम्बर को राजधानी के एक सुधार गृह से उसकी रिहाई के बाद किशोर न्याय विधेयक में संशोधन की मांग और तेजी से शुरू हो गई है।
इससे पूर्व सोमवार को संशोधन विधेयक राज्यसभा में चर्चा के लिए और पारित होने के लिए सूचीबद्ध किया गया था।
dharmpath.com dharmpath