नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए मंगलवार को विकास मार्ग से पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में तीसरा कार मुक्त दिवस मनाया गया।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने विकास मार्ग स्थित निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन से साइकिल रैली का नेतृत्व किया।
लक्ष्मी नगर से लेकर कड़कड़ी मोड़ के बीच सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कारों की आवाजाही प्रतिबंधित रही।
दिल्ली के एक सरकारी अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण वह साइकिल रैली में हिस्सा नहीं ले पाए।”
अधिकारी के मुताबिक, लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए 20 अतिरिक्त बसें चलाई गई थीं।
अधिकारी ने बताया कि रैली शुरू होने से पूर्व सिसोदिया ने राजधानी के लोगों से आग्रह किया कि वे प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के लिए महीने में केवल एक दिन निजी कारों की जगह सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करें।
आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने लोगों में सार्वजनिक परिवहन के प्रयोग के लिए जागरूकता फैलाने के लिए अक्टूबर से हर महीने की 22 तारीख को कार मुक्त दिवस मनाना शुरू किया था।
उल्लेखनीय है कि राजधानी में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए न्यायालय ने राज्य सरकार को इस दिशा में कार्रवाई करने का आदेश दिया था।
वायु प्रदूषण के संकट को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में एक जनवरी, 2016 से प्रायोगिक तौर पर 15 दिनों के लिए सम-विषम योजना लागू करने का निर्णय लिया है।
dharmpath.com dharmpath