चेन्नई, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि बाढ़ राहत कार्यो के लिए राज्य को 25,912 करोड़ रुपये चाहिए, जिसमें से 2,000 करोड़ रुपये अविलंब जारी किए जाएं।
मोदी को भेजे एक पत्र में जयललिता ने कहा कि पूरक ज्ञापन में दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आई बाढ़ से हुए नुकसान का उल्लेख है।
उन्होंने कहा, “तमिलनाडु को बेहतर स्थिति बहाल करने के लिए तत्काल 17,431.51 करोड़ रुपये चाहिए।”
पहले मांगे गए 8,481 करोड़ रुपये को मिलाकर राज्य सरकार ने केंद्रीय कोष से कुल करीब 25,912 करोड़ रुपये मांगे हैं।
जयललिता ने कहा कि 14वें वित्त आयोग की सिफारिश के बाद राज्य की कर से होने वाली आय घट गई है और सामान्य स्थिति बहाल करने में भारी-भरकम खर्च आएगा, जिसे वहना कर पाना राज्य के लिए कठिन है।
मुख्यमंत्री ने मोदी से आग्रह किया कि वह गृह मंत्रालय को 25,912 करोड़ रुपये की सहायता के दो ज्ञापन को स्वीकार करने के लिए कहें।
उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल से तत्काल 2,000 करोड़ रुपये जारी किए जाने के लिए भी आग्रह किया।
गत करीब एक सदी में हुई सर्वाधिक बारिश के बाद दिसंबर के प्रथम सप्ताह में चेन्नई और आसपास के कांचीपुरम, कुड्डालोर तथा तिरुवल्लुर जिलों में भीषण बाढ़ आ गई, जिसमें करीब 390 लोगों की मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath