नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंजाब रॉयल्स ने मंगलवार को केडी जाधव रेसलिंग स्टेडियम में हुए प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के मुकाबले में हरियाणा हैमर्स को 5-2 से हरा दिया।
इसके साथ ही पंजाब अंकतालिका में हरियाणा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गया।
मंगलवार को हुए मुकाबले से पहले तक चौथे पायदान पर रहे पंजाब ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश करने की अपनी उम्मीदें भी जिंदा रखी हैं।
दूसरी ओर टूर्नामेंट में अपने चौथे मैच में हरियाणा को पहली हार झेलनी पड़ी। हालांकि इस हार का असर उनके सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर नहीं पड़ेगा।
मंगलवार को हुए मैच का पहला मुकाबला पंजाब के स्टार पहलवान जारसाईखान चुलूंगबाट ने जीता। पुरुषों के 125 किलोग्राम भारवर्ग के इस मुकाबले में चुलूंगबाट ने हरियाणा के हितेंदर को मात्र 37 सेकेंड में चारो खाने चित कर दिया।
महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए दूसरे मुकाबले में हालांकि हरियाणा की निर्मला देवी ने पंजाब की याना रैटिगन को 6-3 से हरा दिया और अपनी टीम को 1-1 से बराबरी दिला दी।
तीसरी मुकाबला पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में हुआ, जिसमें पंजाब के व्लादिमीर खिनचेगाश्विली विजेता रहे। मौजूदा विश्व चैम्पियन जॉर्जिया के खिनचेगाश्विनी ने हरियाणा के नितिन राठे को एकतरफा मुकाबले में 6-1 से हराया।
इसके बाद पंजाब की स्टार महिला पहलवान गीता फोगट ने पीडब्ल्यूएल की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं ओकसाना हेरहेल को 8-6 से पछाड़ दिया।
महिलाओं के 58 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुआ यह मुकाबला बेहद कांटे का रहा। ओकसाना जहां बेहद रक्षात्मक रहीं जिसका फायदा उठाते हुए गीता ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। कुछ सेकेंड पहले तक 6-7 से पीछे चल रहीं गीता ने हालांकि बेहद फुर्ती दिखाते हुए ओकसाना के मुंह से जीत खींच ली और लेग होल्ड के जरिए दो अंक हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इसके साथ ही पंजाब को 3-1 से बड़ी बढ़त मिल गई।
पंजाब के मौसम खत्री ने इसके बाद यूरी मायर को तकनीकी कुशलता के बल पर एकतरफा मुकाबले में 12-1 से मात दे दी और पंजाब को 4-1 की अजेय बढ़त दिला दी।
महिलाओं के 69 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए अगले मुकाबले में पंजाब की वासिलिसा मारजालियूक ने हरियाणा की गीतिका जाखड़ को 7-0 से पटखनी देते हुए पंजाब का दबदबा कायम रखा।
इसके बाद अगला मुकाबला खेलने उतरे हरियाणा के कप्तान और आइकन खिलाड़ी योगेश्वर दत्त ने पंजाब के रजनीश को 6-3 से मात देते हुए हरियाणा को सांत्वना जीत दिलाई।
dharmpath.com dharmpath