नई दिल्ली, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर टेलीविजन धारावाहिक ‘सिलसिला प्यारा का’ के साथ छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। उनका मानना है कि मनोरंजन-जगत में लोगों के रवैए में बड़ा बदलाव हुआ है।
‘गज गामिनी’, ‘मृत्युदंड’, ‘गोपी किशन’ और ‘हम’ जैसी फिल्मों में काम करने के बाद, शिरोडकर 2000 में शादी कर बॉलीवुड से दूर हो गईं। वह 2013 में टेलीविजन धारावाहिक ‘एक मुट्ठी आसमान’ में नजर आई थीं।
अपनी वापसी के साथ 46 वर्षीय अभिनेत्री ने आईएएनएस से कहा, “मैंने फिल्मोद्योग में लोगों के रवैए में पूरी तरह बदलाव देखा है। लोग ज्यादा पेशेवर हो गए हैं। सबकुछ लिखित है, यहां अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं है। सभी अपना काम पूरा करके, तैयार होकर आते हैं।”
शिरोडकर ने कहा कि यहां समय बर्बाद करने की कोई गुंजाइश नहीं है। शिल्पा का मानना है कि यह उद्योग का सबसे अच्छा समय है। ऐसे समय में वह इसका हिस्सा बनने के लिए खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं।
धारावाहिक ‘सिलसिला प्यारा का’ में वह जानकी तिवारी का किरदार निभा रही हैं, जो अपने बेटे पर अपना अधिकार समझती हैं।
इस धारावाहिक में अभय वकील और छवि पांडे भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह अगले साल चार जनवरी से टेलीविजन चैनल स्टार प्लस पर प्रसारित होगा।
dharmpath.com dharmpath