मोदी सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया : राहुल

अमेठी, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व अमेठी से सांसद राहुल गांधी बुधवार दोपहर को अमेठी पहुंचकर मोदी सरकार के खिलाफ जमकर बरसे। उन्होंने मोदी सरकार की जमकर आलोचना की। राहुल ने कहा कि दिल्ली में मोदी की सरकार है और हम पूरे देश भर में मोदी के खिलाफ लड़ रहे हैं। मोदी ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया।

राहुल ने जनता को याद दिलाया कि मोदी ने कहा था कि वो हर नागरिक को 15 लाख रुपये देंगे। मगर आप जानते हैं किसी को भी एक रुपया भी नहीं मिला। मोदी ने कहा था कि अच्छे दिन आएंगे मगर गरीब लोगों के अच्छे दिन नहीं आए। बल्कि मोदी के ही उद्योगपति लोगों के अच्छे दिन आए हैं।

राहुल ने कहा, “इस समय जितनी महंगाई हिंदुस्तान में है उतनी तो कभी भी नहीं थी। इस समय सबसे ज्यादा नुकसान देश के किसान और मजदूर का हो रहा है। हम मनरेगा को लेकर आए थे। उस योजना को भी बंद कर दिया गया।”

इससे पूर्व कांग्रेस उपाध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे। उनके दौरे के पहले दिन ही किसानों ने सम्राट साइकिल फैक्ट्री के गेट पर धरना देकर अपनी मांग दोहराई।

किसानों की तरफ से मामले को देख रहे अधिवक्ता ने मांगें नहीं माने जाने पर दिल्ली हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल करने की बात कही है।

जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में अधिवक्ता उमाशंकर पाण्डेय ने कहा है कि गौरीगंज तहसील के कौहार गांव की जमीन को यूपीएसआईडीसी ने सम्राट साइकिल को कारखाना लगाने के लिए 90 वर्ष की लीज पर दिया था।

कारखाना बंद होने के बाद सम्राट साइकिल ने जमीन को फर्जी तरीके से अपने नाम दर्ज करा लिया। बाद में राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट ने इस जमीन को नीलामी में लिया।

उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में किसानों की मांग है कि उस भूमि पर कारखाना लगाकर उन्हें नौकरी दी जाए नहीं तो किसानों की जमीन वापस कर दी जाए। किसानों ने अपने सांसद राहुल गांधी को भी इस सम्बन्ध में ज्ञापन देने का मन बनाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493