शिमला, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल में प्रदेश के सांसदों ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू से बुधवार को नई दिल्ली में भेंट करके उनसे राज्य में हवाई सेवाओं में सुधार की मांग की।
मण्डी के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, शांता कुमार, विमला कश्यप सूद, वीरेंदर कश्यप शामिल थे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला में हवाई सेवाओं को तत्काल बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि राज्य की राजधानी होने की वजह से शिमला में हवाई सेवाएं नियमित रूप से चलाना केन्द्र सरकार का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि अगर भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से बड़े हवाई जहाज चलाना संभव न हो तो हेली टैक्सी सेवा तत्काल चलाई जानी चाहिए।
सांसद रामस्वरूप शर्मा ने बताया, “कुल्लू हवाईअड्डे से वायु सेवा तभी उपलब्ध हो सकती है जब मौसम अनुकूल हो। यह हवाईअड्डा जो भुन्तर हवाईअड्डे के नाम से विख्यात है, के विस्तार के लिए नागरिक उड़यन मंत्रालय ने धन स्वीकृत किया है, लेकिन हिमाचल प्रदेश सरकार के ढुलमुल रवैये से यह विस्तार नहीं हो पा रहा।”
इन सुविधाओं के अभाव में पर्यटकों का शीत काल में कुल्लू मनाली पहुंचाना असंभव हो जाता है। शिमला हवाईअड्डे पर भी वायु सेवाएं पिछले कई वर्षो से लंबित पड़ी हैं। मण्डी कुल्लू क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए कई बार प्रयास किया गया। लेकिन सभी प्रयास अधूरे रहे हैं।
शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने गगल हवाईअड्डे के नवीनीकरण के लिए प्रधानमंत्री तथा केन्द्र सरकार का विशेष रूप से धन्यावाद दिया तथा कहा कि इस हवाईअड्डे पर ईंधन की रिफिलिंग की सुविधा आगामी दो माह में शुरू हो जाएगी।
dharmpath.com dharmpath