केंद्रीय मंत्री को जलिकट्टू आयोजन की उम्मीद

चेन्नई, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग व जहाजरानी राज्य मंत्री पोन राधाकृष्णन अगले महीने पोंगल पर्व के दौरान जलिकट्टू (सांड को वश में करने का खेल) को मंजूरी देने के प्रति आशान्वित हैं।

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अध्यक्ष एम.करुणानिधि को 23 दिसंबर को लिखे एक खत में राधाकृष्णन ने कहा, “बीते एक महीने के दौरान हुई वार्ता के आधार पर मुझे इस बात का विश्वास हो गया है कि अगले महीने पोंगल पर्व के दौरान पारंपरिक खेल जलिकट्टू के लिए मंजूरी मिल जाएगी।”

राधाकृष्णन के मुताबिक, केंद्रीय पर्यावरण, वन्य एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और जलिकट्टू के आयोजन के विकल्पों की तलाश की।

राधाकृष्णन ने उन सभी राजनीतिक दलों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने तमिलनाडु में फिर से जलिकट्टू के आयोजन की मांग की।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता ने अगले महीने पोंगल पर्व के दौरान जलिकट्टू का खेल कराने के लिए 22 दिसंबर को केंद्र सरकार से अध्यादेश लाने की मांग की थी।

जयललिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को संपर्क के दौरान यह अपील करते हुए कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो कानून बनाने के लिए संसद के सत्र को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “तमिलनाडु के लोगों की तरफ से मैं आपसे अध्यादेश को शीघ्र लाने का अनुरोध करती हूं।”

जयललिता ने सर्वोच्च न्यायालय के मई 2014 की अधिसूचना की चर्चा करते हुए कहा, “सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला दिया है कि जलिकट्टू पर्व में सांड का इस्तेमाल परफॉर्मिग जानवर की तरह नहीं किया जा सकता।”

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष एक समीक्षा याचिका दायर की है, जो लंबित है।

जयललिता ने कहा कि तमिलनाडु के लोग जलिकट्टू समारोह में गहरी आस्था रखते हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493