बेंगलुरू, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। मुंबई गरुड़ाज टीम ने गुरुवार को हरियाणा हैमर्स को हरा दिया और लीग चरण में अजेय रहते हुए प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
कोरामंगला इनडोर स्टेडियम में गुरुवार को हुए लीग चरण के आखिरी मुकाबले में मुंबई ने हरियाणा को 5-2 से हराया।
मुंबई ने लीग चरण के अपने सारे मैच जीतते हुए 10 अंक हासिल किए और अंकतालिका में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मुंबई को सेमीफाइनल में बेंगलुरू योद्धाज का सामना करना होगा। बेंगलुरू लीगचरण में चौथे स्थान पर रही।
वहीं लगातार तीन जीत से लीग का दमदार शुरुआत करने वाली हरियाणा टीम को दूसरी हार झेलनी पड़ी। हरियाणा छह अंकों के साथ अंकतालिका में तीसरे स्थान पर रहा।
सेमीफाइनल में हरियाणा को पंजाब रॉयल्स का सामना करना होगा, जिनके खिलाफ लीग चरण में उन्हें इससे पहले एकमात्र हार झेलनी पड़ी थी।
दोनों ही सेमीफाइनल मुकाबले दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में होंगे।
गुरुवार को हुए मुकाबले में पूर्व एशियाई चैम्पियन राहुल आवारे ने नितिन कुमार को हराकर मुंबई को शुरुआती बढ़त दिला दी।
राहुल ने पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में नितिन को 7-2 से हराया।
लेकिन महिलाओं के 58 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए दूसरे मुकाबले में ही पांच बार की विश्व चैम्पियन ओकसाना हेरहेल ने हरियाणा को वापसी दिला दी।
ओकसाना ने मुंबई की साक्षी मलिक को 4-2 से हराया। साक्षी को पीडब्ल्यूएल में पहली बार हार झेलनी पड़ी।
क्यूब के ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता लिवान लोपेज अजकूई ने पुरुषों के 74 किलोग्राम भारवर्ग में हुए अगले मुकाबले में मुंबई के प्रदीप कुमार को तकनीकी कुशलता के आधार पर 11-0 से पटखनी दे दी और हरियाणा को 2-1 से आगे कर दिया।
हालांकि गुरुवार को हरियाणा के लिए यह आखिरी जीत रही। इसके बाद हरियाणा का कोई भी पहलवान जीत हासिल नहीं कर सका।
दूसरी ओर मुंबई के पहलवानों ने अगले चारों मुकाबले अपने नाम कर लिए।
तीन बार की विश्व चैम्पियन एडेलीन ग्रे ने हरियाणा की स्टार पहलवान गीतिका जाखड़ को 7-1 से, पुरुषों के 125 किलोग्राम भारवर्ग में मुंबई के जियोर्जी साकांदेलिड्ज ने हरियाणा के हितेंदर को 10-0 से और महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में मुंबई की रितु फोगट ने हरियाणा की निर्मला देवी को 5-4 से हराया।
dharmpath.com dharmpath