लॉस एंजेलिस, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता व हास्य कलाकार केविन हार्ट ने 300 बच्चों को 100-100 डॉलर की शॉपिंग का तोहफा देकर क्रिसमस का जश्न मनाया।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट को डॉट यूके’ के अनुसार, 36 वर्षीय अभिनेता ने बास्केटबॉल खिलाड़ी क्रिस पॉल के साथ मिलकर उनके दूसरे वार्षिक ‘हॉलिडे टेकओवर’ कार्यक्रम के लिए यहां खुदरा ब्रांड ‘टारगेट’ में बच्चों को ये तोहफे दिए।
इस कार्यक्रम में कई युवा संगठनों से बच्चों को आमंत्रित किया गया था, जिसमें ब्रदरहुट क्रूसेड और ब्वॉयज एंड गर्ल्स क्लब संगठन के बच्चे भी शामिल थे।
पॉल ने अपनी और हार्ट की तस्वीर ट्विटर पर साझा की, जिसमें दोनों को बच्चों के साथ पोज देते देखा जा रहा है।
पॉल ने ट्वीट किया, “300 बच्चों को तोहफे देकर चौंकाया। इतने ही और बच्चों को तोहफे देने के लिए हम किसी और स्थान पर जा रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath