मुंबई, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। फिल्म ‘बीएचके भल्ला एट हल्ला डॉट कॉम’ के प्रचार-प्रसार में व्यस्त निर्देशक राकेश चतुर्वेदी का कहना है कि फिल्म का आखिरी हिस्सा दर्शकों को हैरान कर देगा।
राकेश चतुर्वेदी ने आईएएनएस से कहा, “फिल्म का अंत अलग हटकर है, जिससे आप खुद का जुड़ाव महसूस करेंगे। यह बड़े सितारों या बड़े किरदारों वाले अंत जैसा नहीं है।”
उन्होंने कहा, “फिल्म का अंत दर्शकों को हैरान देगा और यह आपको ऐसा कुछ दिखाएगा जो आप अपने लिए महसूस करते हैं।”
फिल्म के जरिए लोगों को संदेश दिया जाएगा कि लोग अपने दिल को किस तरह हल्का कर सकते हैं। दरअसल, घर की जरूरत सभी को होती है और यह किस तरह लोगों के जीवन में अव्यवस्था पैदा करती है। इसी को मद्देनजर रखते हुए संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “इस फिल्म का अनोखा अंदाज यह है कि हम इसके जरिए दर्शकों को हंसाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। इसमें इस तरह की स्थितियां और किरदार हैं, जिसे लोग कम से कम एक सप्ताह तक याद रखेंगे।”
‘बीएचके भल्ला एट हल्ला डॉट कॉम’ में मनोज पाहवा, सीमा पाहवा, उज्जवल राणा, इन्शिका बेदी, यशपाल शर्मा और बृजेन्द्र काला जैसे सितारे हैं।
फिल्म अगले साल पांच फरवरी को प्रदर्शित होगी।
dharmpath.com dharmpath