मेलबर्न, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। अगले महीने आस्ट्रेलिया दौरे पर आ रही भारतीय टीम के प्रशंसकों को यहां क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ अनेकों किस्म के व्यंजनों का भी लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
पर्थ, मेलबर्न और सिडनी में होने वाले मैचों के दौरान क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ‘फील्ड ऑफ फ्लेवर्स’ नाम से एक फूड बाजार की मेजबानी भी करेगा, जिसमें क्रिकेट प्रशंसक पूरी दुनिया के विभिन्न किस्म के व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे।
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच सीमित ओवरों वाली यह श्रृंखला 12 जनवरी से शुरू होगी।
दुनिया के विभिन्न हिस्सों में देर रात तक चलने वाले खाद्य बाजारों से प्रेरित इस खाद्य उत्सव को प्रख्यात रसोइए पीटर कुरुविटा की मदद से आयोजित किया जा रहा है।
फील्ड ऑफ फ्लेवर्स में क्रिकेट प्रशंसक भारतीय, वितयनामी और मेक्सिकन व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं।
मेलनर्ब और सिडनी में मैचों के दौरान आयोजित इस उत्सव में संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी।
सीए की ओर से जारी एक वक्तव्य में कुरुविटा के हवाले से कहा गया है कि वह विभिन्न लोकप्रिय खेल आयोजनों के दौरान खाद्य बाजार लगाने के इस अनूठे प्रयोग को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
कुरुविटा ने कहा, “खेल आयोजनों के दौरान अमूमन प्रशंसकों को खाद्य पदार्थो के ज्यादा विकल्प नहीं मिलते। इसलिए उन्हें कुछ नया परोसने और उनके खाद्य पदार्थो के विकल्प में इजाफा करने का विचार उत्साहजनक है।”
dharmpath.com dharmpath