मार्क जुकरबर्ग से लाखों डॉलर मिलने की उम्मीद, एक मजाक

न्यूयार्क, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। इन दिनों फेसबुक पर कई ऐसे पोस्ट देखने को मिल रहे हैं, जिसमें कहा जाता है कि मार्क जुकरबर्ग फेसबुक की अपनी 10 फीसदी हिस्सेदारी हमारे और आपके जैसे लोगों को बांट सकते हैं और इसके लिए बस आपको अपने वाल पर इस पोस्ट को शेयर करना होगा। यदि आपको भी ऐसे पोस्ट मिले हों, तो बस इसे एक मजाक समझिए।

फेसबुक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जुकरबर्ग ने नवंबर के आखिरी सप्ताह में कहा था कि वह और उनकी पत्नी प्रीसिलिया फेसबुक की अपनी तकरीबन पूरी-की-पूरी हिस्सेदारी चान जुकरबर्ग इनिशिएटिव एलएलसी को दान कर देंगे।

जुकरबर्ग की इस घोषणा के बाद से ऐसे अलग-अलग तरह के पोस्ट आ रहे हैं और लोग इसे सही भी मान रहे हैं।

इन पोस्ट में कहा जाता है कि जुकरबर्ग 45 लाख डॉलर ऐसे 1,000 फेसबुक उपयोगकर्ताओं को देंगे, जो इस तरह के पोस्ट की प्रतिलिपि अपने प्रोफाइल पर पोस्ट करेंगे।

ऐसा ही एक पोस्ट कुछ इस तरह से है, “गुड मॉर्निग अमेरिका के मुताबिक, यह कोई मजाक नहीं है! मार्क जुकरबर्ग ने कहा है कि वह फेसबुक की 45 अरब डॉलर मूल्य की हिस्सेदारी दान कर रहे हैं। जो बात आपने नहीं सुनी होगी, वह यह है कि वह इसका 10 फीसदी हिस्सा हम और आप जैसे लोगों को देना चाहते हैं।”

पोस्ट में आगे कहा गया है, “आपको सिर्फ यह करना है कि इस पोस्ट को कॉपी कीजिए और तुरंत इसे पोस्ट कीजिए। मध्य रात (पीएसटी) को फेसबुक दिनभर के पोस्ट में से 1,000 का चुनाव करेगी और प्रत्येक को 45 लाख डॉलर देगी। फेसबुक ऐसा उसे संपर्क का शक्तिशाली मंच बनाने में योगदान करने के लिए धन्यवाद अदा करने के लिए संकेत के तौर पर देगी।”

अगर आपको भी ऐसा पोस्ट मिलता है, तो उसे कॉपी और पेस्ट कर पोस्ट करने से पहले गूगल पर थोड़ी छानबीन कर लीजिए कि कहीं आपको बेवकूफ तो नहीं बनाया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493